UP SI Exam के बाद Agra News: एमजी रोड पर लगा भीषण जाम, एंबुलेंस भी फंसी
आगरा में रविवार को यूपी एसआई भर्ती परीक्षा के चलते शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। परीक्षा समाप्त होते ही एमजी रोड पर आगरा कॉलेज के सामने वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान जाम में कई वाहन फंस गए, जिसमें एक एंबुलेंस भी काफी देर तक फंसी रही। यातायात पुलिस को ट्रैफिक सुचारु करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
शहर में दरोगा भर्ती परीक्षा के लिए 28 केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा खत्म होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी केंद्रों से बाहर निकले, जिससे सड़कों पर अचानक वाहनों का दबाव बढ़ गया। शाम के समय एमजी रोड पर दोनों लेन में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे रफ्तार थम गई।
हरीपर्वत और पंचकुईया चौराहे पर भी यातायात प्रभावित रहा। आम दिनों की तुलना में वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण कई वाहन चालकों ने वैकल्पिक मार्गों का सहारा लिया। इससे गली-मोहल्लों में भी जाम की स्थिति बन गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौराहों और परीक्षा केंद्रों के बाहर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। हालांकि, परीक्षा समाप्त होने के बाद कुछ स्थानों पर ट्रैफिक धीमा हुआ था, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
