Israel Iran conflict: तनाव के बीच वतन लौटे भारतीय, लखनऊ एयरपोर्ट पर दिखी राहत
इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण मध्य पूर्व में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए विशेष उड़ानें शुरू की गई हैं। शुक्रवार को लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंची एक विशेष फ्लाइट से कई यात्री सुरक्षित अपने घर लौटे। वतन वापसी पर यात्रियों के चेहरे पर राहत साफ दिखाई दी। उन्होंने बताया कि वहां के हालात तनावपूर्ण हैं, लेकिन सरकार की पहल से उन्हें समय पर घर लौटने का मौका मिला।
यात्रियों ने बताया कि मध्य पूर्व के कई शहरों में डर और घबराहट का माहौल है। हालांकि, एयरपोर्ट पर कामकाज सामान्य है, लेकिन कई उड़ानें रद्द होने के कारण लोगों को लौटने में काफी दिक्कतें आ रही थीं। एक यात्री ने बताया कि वे पिछले दो दिनों से घर लौटने का इंतजार कर रहे थे और अब लखनऊ पहुंचकर उन्हें काफी राहत महसूस हो रही है।
सोशल मीडिया पर भी यात्रियों ने अपने अनुभव साझा किए। कुछ यात्रियों के अनुसार, खतरे वाले वायुक्षेत्र से गुजरने वाली विशेष फ्लाइटों को वहां की वायुसेना के फाइटर जेट स्कॉर्ट कर रहे थे। यह दिखाता है कि क्षेत्र में तनाव कितना अधिक है।
यात्रियों ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विशेष धन्यवाद किया। इस बीच, लखनऊ से दुबई, अबूधाबी और शारजाह जाने वाली कई नियमित उड़ानें भी रद्द रहीं, जिससे सामान्य यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
