रायबरेली हाईवे पर भीषण हादसा, ट्रक ने कार को मारी टक्कर, दंपति समेत चार घायल | Raebareli accident
उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। फुलवरिया मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पलट गई। कार में सवार एक दंपति और उनके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे का शिकार हुआ परिवार प्रयागराज के रहने वाला था। रिटायर्ड सूबेदार सुबेक सिंह अपनी पत्नी संदीप कौर, सात साल के बेटे फतेहवीर और ढाई साल की बेटी हरनाज कौर के साथ घर जा रहे थे। रायबरेली हाईवे पर फुलवरिया मोड़ के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बेकाबू होकर डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए विपरीत दिशा की लेन में जा पलटी।
हादसे के बाद कार में फंसे परिवार को देखकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
