Kanwar Yatra: मुस्लिम प्रधान पति ने कांवड़ियों को माला पहनाकर किया विदा, सांप्रदायिक सद्भाव की मिसाल
सरवनखेड़ा ब्लॉक के गजनेर ग्राम पंचायत के मजरा जोधेपुर गांव से रविवार को 20 कांवड़ियों का जत्था लोधेश्वर धाम के लिए रवाना हुआ। इस धार्मिक यात्रा को लेकर पूरे गांव में उत्साह का माहौल रहा।
जत्थे को रवाना करने के लिए गांव के लोग एकत्र हुए, जहां ग्राम प्रधान पति फिरोज मंसूरी ने कांवड़ियों का स्वागत किया। फिरोज मंसूरी ने सभी 20 कांवड़ियों को माला पहनाई, मुंह मीठा कराया और उन्हें आर्थिक मदद भी दी। उन्होंने कांवड़ियों के लिए कानपुर गंगा पुल तक निजी वाहन की व्यवस्था भी की, ताकि उन्हें यात्रा के शुरुआती चरण में सुविधा मिल सके।
इस दौरान फिरोज मंसूरी खुद अपने वाहन से कांवड़ियों को कानपुर तक छोड़ने गए। यह घटना क्षेत्र में सांप्रदायिक सद्भाव की एक अनूठी मिसाल के रूप में देखी जा रही है, जहां एक मुस्लिम नेता ने हिंदू धार्मिक यात्रा में सक्रिय रूप से सहयोग किया। कांवड़ियों में साक्षी, सोनम, रिंकी, महंत रामप्रकाश, अखिलेश, सुमित, शिवबाबू, बड़के, अरूण, आदित्य, रामजी, राहुल, रामू, राघवेंद्र, दीपक, छोटे, शिव गोपाल, विनय कुमार और निगम बाबू शामिल थे।
