KGMU प्रशासन ने परिसर से मजारों को हटाने के लिए दिया अंतिम अल्टीमेटम, Lucknow news
लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) प्रशासन ने परिसर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिसर में बनी छह मजारों को हटाने के लिए अंतिम चेतावनी जारी करने का फैसला किया है। पहले नोटिस की समय सीमा समाप्त होने के बाद भी मजारों को नहीं हटाया गया था, जिसके चलते अब दूसरा नोटिस जारी करने की तैयारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि इस बार भी आदेश का पालन नहीं हुआ तो वैधानिक और प्रशासनिक स्तर पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।
ये मजारें क्वीन मेरी गेट, रेस्पिरेटरी मेडिसिन, माइक्रोबायोलॉजी, ट्रॉमा सेंटर परिसर, आर्थोपेडिक सुपर स्पेशियलिटी भवन और टीजी हॉस्टल परिसर के पास स्थित हैं। प्रशासन का कहना है कि इन मजारों के कारण आवागमन बाधित होता है और आसपास भी अतिक्रमण बढ़ गया है। 23 जनवरी को पहली बार नोटिस जारी कर मजारों को हटाने के लिए कहा गया था, लेकिन देखभाल करने वालों ने कोई कार्रवाई नहीं की।
KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि परिसर में अवैध कब्जों को हटाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब तक तीन बड़े अवैध स्थलों को खाली कराया जा चुका है, जिनमें नेत्र विभाग के पीछे, जगतनारायण रोड पर और शताब्दी- और शताब्दी-2 भवन के पीछे की जमीन शामिल है। अब बची हुई छह मजारों को हटाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।
