लखनऊ: ठाकुरगंज में सीवर पाइप में मिला युवक का शव, परिजनों ने लगाया murder का आरोप
लखनऊ के ठाकुरगंज क्षेत्र में शनिवार को हड़कंप मच गया जब सड़क किनारे रखे एक सीवर पाइप के अंदर एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान मिश्री की बगिया निवासी सुजीत लोधी (26) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुजीत के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह हत्या का मामला है। उन्होंने बताया कि सुजीत 6 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे घर से निकला था। उसने अपनी मां से कहा था कि उसे किसी दोस्त ने अर्जेंट बुलाया है और उसे 2000 रुपये की जरूरत है। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसका फोन मिलाया, जो बंद आ रहा था। पूरी रात तलाश करने के बाद भी जब सुजीत नहीं मिला तो परिजनों ने सुबह पुलिस को सूचना दी।
पुलिस को शव के पास से एक सिरिंज मिली है। पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि युवक नशे का आदी था और उसकी मौत ओवरडोज के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, परिजनों का कहना है कि सुजीत की हत्या कर शव को पाइप में छिपाया गया है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
