Lucknow news: नाले पर अवैध कब्जा करने वाले MLA पर FIR की तैयारी, स्थानीय विधायक ने जताई नाराजगी
लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र के भैसोरा इलाके में नाले की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। नगर निगम ने अब इस मामले में बाहरी जिले के विधायक पर मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है। यह कार्रवाई तब हो रही है जब शनिवार को स्थानीय भाजपा विधायक योगेश शुक्ला ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। विधायक शुक्ला ने कहा कि एक विधायक द्वारा इस तरह का अवैध कब्जा करना उचित नहीं है।
नगर निगम की राजस्व टीम ने शनिवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार को एक दिन पहले हुई घटना की जानकारी दी। शुक्रवार को नगर निगम की टीम एसटीपी के नाले पर हुए अवैध कब्जे को खाली कराने पहुंची थी। इस दौरान कब्जा करने वाले विधायक के बेटे और उनके सहयोगियों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। आरोप है कि समर्थकों ने नगर निगम के कर्मचारियों के साथ अभद्रता की, जिसके बाद टीम को सुरक्षा बल की मदद से वापस लौटना पड़ा।
यह अवैध कब्जा भरवारा मल्हौर वार्ड में एमिटी यूनिवर्सिटी से एसटीपी की ओर जाने वाले रास्ते पर स्थित नाले पर किया गया है। आरोप है कि विधायक ने नाले की जमीन पर बाउंड्री बनाकर कब्जा कर लिया है, जिससे पास की कॉलोनी की जल निकासी पूरी तरह से बंद हो गई है। स्थानीय निवासियों को पिछले कई महीनों से इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पिछले वर्ष भी यह मामला सामने आया था, तब महापौर सुषमा खर्कवाल और तत्कालीन नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने मौके का दौरा किया था। स्थानीय लोगों की शिकायत थी कि एक प्रभावशाली व्यक्ति के कारण बड़ी आबादी को समस्या झेलनी पड़ रही है। नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार, भरवारा ग्राम की खसरा संख्या 1041 नगर निगम की भूमि है, जिसके 0.082 हेक्टेयर पर अवैध कब्जा किया गया है।
