बिहार में UP के युवक की संदिग्ध मौत, परिवार ने की जांच की मांग
उत्तर प्रदेश के अतरौली निवासी एक युवक की बिहार में संदिग्ध मौत के बाद परिवार ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से जांच की मांग की है। युवक की पत्नी ने परिजनों को बताया कि उसकी मौत ट्रेन से गिरकर हुई है, लेकिन शव पर मिले गंभीर चोटों के निशान ने इस दावे पर संदेह पैदा कर दिया है।
अतरौली के मोहल्ला सराय खोखल निवासी कौशल ने बताया कि उनका बेटा विपिन दिल्ली में मजदूरी करता था। करीब 14 महीने पहले उसने बिहार की एक युवती से शादी की थी। विपिन अपनी पत्नी और नवजात बेटी के साथ 20 जनवरी को बिहार स्थित ससुराल गया था।
सोमवार को विपिन ने अपनी मां कमलेश को फोन किया था। उसने फोन पर अपनी जान को खतरा बताया था और अतरौली वापस आने के लिए पैसे भेजने को कहा था। इसके अगले ही दिन मंगलवार सुबह विपिन की पत्नी ने उसके खून से लथपथ शव की फोटो व्हाट्सएप पर भेजी और दावा किया कि उसकी मौत रेल से गिरकर हुई है।
विपिन के पिता कौशल अपने परिचितों के साथ बिहार पहुंचे। उन्होंने बताया कि विपिन के शव को देखकर साफ पता चल रहा था कि यह कोई दुर्घटना नहीं थी। विपिन का सिर फटा हुआ था, आंख बाहर निकली हुई थी और दोनों हाथ-पैर भी टूटे हुए थे। परिजनों ने आरोप लगाया है कि विपिन की हत्या की गई है। शुक्रवार को शव को अतरौली लाया गया, जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया। परिवार ने पुलिस से इस पूरे मामले की गहन जांच करने की मांग की है।
