लखनऊ में 12 हजार BLA की फौज, फिर भी वोटर लिस्ट में नहीं जोड़ा एक भी नाम | Lucknow news
लखनऊ में मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में राजनीतिक दलों की लापरवाही उजागर हुई है। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक, शहर में विभिन्न राजनीतिक दलों ने 12,122 बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने का दावा किया था। हालांकि, अभियान के पहले महीने (6 जनवरी से 6 फरवरी) में इन एजेंटों की सक्रियता शून्य रही।
आंकड़ों के अनुसार, 12 हजार से अधिक BLA की तैनाती के बावजूद मतदाता सूची में नाम जोड़ने (प्ररूप-6) या नाम हटाने (प्ररूप-7) के लिए एक भी फॉर्म निर्वाचन कार्यालय में जमा नहीं कराया गया। यह स्थिति तब है जब निर्वाचन आयोग ने राजनीतिक दलों को मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने के लिए BLA नियुक्त करने की सुविधा दी है।
पार्टीवार BLA की संख्या
बीएलए की नियुक्ति के मामले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (SP) सबसे आगे हैं। भाजपा ने जनपद में सर्वाधिक 3,542 BLA नियुक्त किए हैं, जबकि समाजवादी पार्टी ने 3,450 एजेंट तैनात करने की सूचना दी है। बहुजन समाज पार्टी (BSP) के 2,813 और कांग्रेस के 2,250 BLA सूची में दर्ज हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी 67 एजेंटों की नियुक्ति की है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अब दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 6 मार्च तक बढ़ा दी है, ताकि राजनीतिक दल अपनी जिम्मेदारी निभा सकें।
