कानपुर-सागर हाईवे पर भीषण जाम में फंसा मरीज, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत; 3 महीने में तीसरी घटना
उत्तर प्रदेश के कानपुर-सागर हाईवे पर गुरुवार रात लगे भीषण जाम ने एक गंभीर मरीज की जान ले ली। यह घटना हमीरपुर जिले के मौदहा से कानपुर नगर के सजेती क्षेत्र के बीच हुई, जहां करीब 40 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। जाम में फंसे होने के कारण गंभीर रूप से बीमार युवक को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका और उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान 33 वर्षीय संजय यादव के रूप में हुई है, जो जलालपुर थाना क्षेत्र के धौहल गांव के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, संजय यादव मसगवां गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। गुरुवार शाम उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें खून की उल्टी होने लगी। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मौदहा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हमीरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिजन संजय को लेकर जिला अस्पताल के लिए निकले, लेकिन रास्ते में भीषण जाम के कारण उनका वाहन आगे नहीं बढ़ पाया। काफी देर तक जाम में फंसे रहने के कारण अस्पताल पहुंचने में देरी हो गई और रास्ते में ही संजय की मौत हो गई। मृतक के भाई बब्बू यादव का कहना है कि यदि समय पर अस्पताल पहुंच जाते तो शायद उनकी जान बच सकती थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह तीसरी बार है जब पिछले तीन महीनों में इस हाईवे पर जाम के कारण किसी मरीज की जान गई है।
