UP में ATM franchise fraud: कंपनी को सवा करोड़ का चूना, तीन पर FIR दर्ज
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ और हाथरस जिलों में एटीएम कैश लोडिंग और रखरखाव की जिम्मेदारी संभालने वाली एक फ्रेंचाइजी पर कंपनी को सवा करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। इंडिया वन पेमेंट्स लिमिटेड (India One Payments Limited) ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि अनुबंध समाप्त होने के बाद फ्रेंचाइजी संचालकों ने कंपनी के 57 एटीएम से 1 करोड़ 23 लाख रुपये से अधिक की नकदी निकालकर हड़प ली।
क्या है पूरा मामला?
कंपनी के जोनल मैनेजर (ऑपरेशंस) दीपक गरकोटी ने पुलिस को बताया कि 2022 में कंपनी ने नीलांश सर्विसेज प्रोपराइटर पूजा गुप्ता और चमचम सिटी पार्टनर हिमांशु गोयल व ध्रुव गोयल के साथ अलीगढ़ और हाथरस के कुल 57 एटीएम के संचालन का अनुबंध किया था। इन फर्मों की जिम्मेदारी एटीएम में कैश लोडिंग और मेंटेनेंस की थी।
अनुबंध समाप्त होने के बाद की धोखाधड़ी
मैनेजर के मुताबिक, सेवाओं में लापरवाही और खराब प्रदर्शन के चलते कंपनी ने 12 दिसंबर 2025 को इन फर्मों के साथ अनुबंध समाप्त कर दिया था। आरोप है कि इसके बाद हिमांशु गोयल ने कंपनी के निर्देशों की अवहेलना करते हुए अलीगढ़ और हाथरस स्थित एटीएम से 1 करोड़ 23 लाख 13 हजार 257 रुपये निकाल लिए। नियमानुसार, एटीएम का हैंडओवर तभी संभव है जब फिजिकल कैश और स्विच बैलेंस शून्य हो।
पुलिस जांच शुरू
आरोप है कि आरोपितों ने नकदी तो निकाल ली, लेकिन केवल 14 एटीएम का ही बैलेंस जीरो किया। शेष राशि को कंपनी के खाते में जमा करने के बजाय मिलीभगत कर हड़प लिया गया। कंपनी का कहना है कि जानबूझकर एटीएम का हस्तांतरण भी नहीं किया जा रहा है, जिससे कंपनी को भारी आर्थिक क्षति हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
