लखनऊ नगर निगम में टैक्स घोटाला, एक ही घर के 3 अलग-अलग बिल जारी (Lucknow news)
लखनऊ नगर निगम में टैक्स घोटाले की खबर सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। इंदिरा नगर के एक ही मकान के लिए एक ही वित्तीय वर्ष (2025-26) में तीन अलग-अलग टैक्स बिल जारी किए गए हैं। इन बिलों में हाउस टैक्स की राशि, ब्याज और कुल बकाया राशि में भारी अंतर पाया गया है। यह मामला नगर निगम सदन की बैठक में भी उठा था, जिसके बाद नगर आयुक्त गौरव कुमार ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं।
जांच में पता चला है कि भवन संख्या 17/331-सीसी, सेक्टर-16 के लिए जारी किए गए तीन बिलों में विसंगतियां हैं। पहले बिल में कुल राशि 93,667 रुपये, दूसरे बिल में 61,002 रुपये और तीसरे बिल में 22,429 रुपये दिखाई गई है। हैरानी की बात यह है कि संपत्ति का वार्षिक मूल्यांकन भी तीनों बिलों में अलग-अलग दर्ज किया गया है।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय राय ने जोनल अधिकारी जोन-7 रामेश्वर प्रसाद को कड़ा निर्देश जारी करते हुए पूछा है कि एक ही संपत्ति के रिकॉर्ड में इतना बड़ा अंतर कैसे आया। उन्होंने इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने इस प्रकरण की गंभीरता का हवाला देते हुए मूल पत्रावली के साथ स्पष्ट आख्या तलब की है। इस मामले में कर अधीक्षक और टैक्स इंस्पेक्टर की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि यह नगर निगम को वित्तीय क्षति पहुंचाने का मामला है।
