Lucknow news: अवैध निर्माण पर LDA का बड़ा एक्शन, रोहतास प्रेसिडेंशियल के रेस्टोरेंट समेत कई भवन सील
लखनऊ में अवैध निर्माणों के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का अभियान जारी है। बुधवार को विभूति खंड स्थित रोहतास प्रेसिडेंशियल अपार्टमेंट में बड़ी कार्रवाई की गई। प्राधिकरण ने अपार्टमेंट की ओपन पार्किंग और सेटबैक एरिया में अवैध रूप से चल रहे पंजाबी ढाबा (साईं ढाबा) और लिटिल शेफ रेस्टोरेंट को ध्वस्त कर दिया। ये निर्माण स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए गए थे।
LDA ने केवल रेस्टोरेंट ही नहीं, बल्कि अवैध प्लाटिंग पर भी कार्रवाई की। चिनहट के उत्तरधौना में स्प्रिंग गार्डेन फेज-2 के नियोजित विकास में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाया गया। मोहनलालगंज के खुजौली गांव में लगभग 30 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही दो अवैध प्लाटिंग पर भी बुलडोजर चलाया गया। इस दौरान अवैध रूप से विकसित की गई सड़कें, नाली और बाउंड्रीवॉल को ध्वस्त कर दिया गया।
ध्वस्तीकरण के साथ-साथ LDA ने कई अवैध व्यावसायिक भवनों को सील भी किया। सरोजनीनगर के अनौरा गांव में 1000 वर्गमीटर पर बने आरडी पैलेस मैरिज लॉन को सील किया गया। पारा के मोहान रोड पर 150 वर्गमीटर के भूखंड पर बने एसडी हॉस्पिटल को भी सील कर दिया गया। इसके अलावा, पारा के चुन्नूखेड़ा में 2500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बन रहे 25 रो-हाउस भवनों को सील किया गया। काकोरी और पारा में तीन अन्य अवैध व्यावसायिक निर्माणों पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।
