घुमंतू समाज को मिलेगा स्थायी आवास और पहचान पत्र, UP government की बड़ी पहल
उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के घुमंतू समाज को स्थायी आवास और पहचान से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। अनुसूचित जाति जनजाति कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण ने इस संबंध में घुमंतू समाज के प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान यह आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि समाज के सबसे वंचित वर्गों में से एक घुमंतू समाज को प्राथमिकता के आधार पर सभी आवश्यक प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें और मुख्यधारा से जुड़ सकें।
प्रतिनिधियों ने मंत्री के सामने अपनी प्रमुख समस्याओं को रखा। उन्होंने बताया कि घुमंतू समाज के अधिकांश लोग आज भी स्थायी निवास के बिना जीवन यापन कर रहे हैं। इस कारण उन्हें अपने बच्चों को पढ़ाने में भी कठिनाई होती है, क्योंकि पहचान से जुड़े दस्तावेज न होने के कारण उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। प्रतिनिधियों ने जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और आधार कार्ड उपलब्ध कराने की मांग की।
मंत्री असीम अरुण ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार घुमंतू समाज के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि इस वर्ग को सामाजिक सुरक्षा और पहचान मिल सके।
