लखनऊ में भीषण हादसा: पिता को खाना देने जा रही बच्ची को ट्रैक्टर ने रौंदा, मौके पर मौत
लखनऊ के चिनहट इलाके में सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 13 साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची अपने पिता को खाना देने के लिए पैदल जा रही थी, तभी एक बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची उछलकर सड़क के डिवाइडर पर जा गिरी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की पहचान आजमगढ़ निवासी मनोज उपाध्याय की बेटी अर्पिता (13) के रूप में हुई है। मनोज उपाध्याय नौबस्ता कला गांव में रहते हैं और टाटा टेल्को कंपनी में मजदूरी करते हैं।
पुलिस के अनुसार, अर्पिता शाम को अपने पिता को खाना देने के लिए कंपनी की ओर जा रही थी। कंपनी से कुछ दूरी पर सड़क पार करते समय यह हादसा हुआ। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चिनहट इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि फिलहाल बच्ची के पिता ने कोई तहरीर नहीं दी है, लेकिन पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है।
