KGMU Lucknow में मरीजों के लिए अनोखी क्लास, कैंसर और बायोप्सी के भ्रम किए जा रहे दूर
लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में मेडिकल छात्रों के साथ अब मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए भी विशेष कक्षाएं लगाई जा रही हैं। यह पहल पैथोलॉजी विभाग ने की है, जिसका उद्देश्य कैंसर के मरीजों को बायोप्सी जांच के महत्व और उसके इलाज की बारीकियों के बारे में जागरूक करना है।
पैथोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. सुरेश बाबू के अनुसार, बायोप्सी को लेकर मरीजों और तीमारदारों में कई तरह की भ्रांतियां फैली हुई हैं। लोगों में यह भ्रम है कि बायोप्सी कराने से कैंसर तेजी से फैलता है। उनका कहना है कि लगभग 95 प्रतिशत मरीजों में यह गलत धारणा मौजूद है, जो सही इलाज में बाधा डालती है।
इस भ्रम को दूर करने के लिए हर बुधवार को बायोप्सी के लिए नमूना देने आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को स्वास्थ्य शिक्षा दी जाती है। इन कक्षाओं में स्लाइड शो के माध्यम से बीमारी, उसके फैलने के कारणों, बायोप्सी जांच की प्रक्रिया और टारगेटेड इलाज के बारे में विस्तार से बताया जाता है।
डॉ. सुरेश बाबू ने बताया कि बायोप्सी रिपोर्ट के बिना कैंसर के प्रकार का सही पता लगाना मुश्किल होता है। ऐसे में कैंसर की सटीक दवाएं तय करना संभव नहीं हो पाता है। यह क्लास मरीजों के मन से डर को दूर करने और उन्हें बायोप्सी जांच की अहमियत समझाने में मदद करती है।
