ग्वालियर ग्लोरी हाईस्कूल बना भूकंप टिप्स क्विज का विजेता, IIT कानपुर ने किया आयोजन
आईआईटी कानपुर के राष्ट्रीय भूकंप अभियंत्रण सूचना केंद्र ने भूकंप सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक अंतर-विद्यालयी ‘भूकंप टिप्स क्विज’ का आयोजन किया। यह प्रतियोगिता प्रो. सीवीआर मूर्ति की पुस्तक ‘आईआईटीके–बीएमटीपीसी अर्थक्वेक टिप्स’ पर आधारित थी, जो भूकंप प्रतिरोधी भवन निर्माण के व्यावहारिक सुझावों पर केंद्रित है। क्विज में राउंड रॉबिन, पिक्चर राउंड, रैपिड फायर और लकी नंबर राउंड जैसे विभिन्न चरण शामिल थे।
देश भर के आठ प्रतिष्ठित विद्यालयों ने फाइनल राउंड में हिस्सा लिया, जिनमें केडी अंबानी रिलायंस फाउंडेशन स्कूल (जामनगर), डीएवी पब्लिक स्कूल (लुधियाना), भारतीय विद्या भवन का प्रिज्म स्कूल (सतना), ग्वालियर ग्लोरी हाईस्कूल (ग्वालियर), इंद्रप्रस्थ इंटरनेशनल स्कूल (नई दिल्ली), नेहरू वर्ल्ड स्कूल (गाजियाबाद), ब्लू बेल्स मॉडल स्कूल (गुरुग्राम) और शीलिंग हाउस स्कूल (कानपुर) शामिल थे।
इस प्रतियोगिता में ग्वालियर ग्लोरी हाईस्कूल, ग्वालियर की टीम विजयी घोषित हुई। केडी अंबानी रिलायंस फाउंडेशन स्कूल ने दूसरा स्थान और ब्लू बेल्स मॉडल स्कूल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के उपायों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना है, ताकि भविष्य में जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके।
इसके अतिरिक्त, 2001 के भुज भूकंप की 25वीं वर्षगांठ को समर्पित एक छात्र वक्तृत्व प्रतियोगिता ‘भूकंप सुरक्षा की वकालत’ का भी आयोजन किया गया, जिसमें 25 छात्रों ने भाग लिया। डीएवी पब्लिक स्कूल, लुधियाना के अंगद सिंह बक्शी और हर्षिता होरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शीलिंग हाउस स्कूल, कानपुर के विराट हांडा और ब्लू बेल्स मॉडल स्कूल, गुरुग्राम के त्रिनाभ गाइते ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।
