कानपुर में दिखेगी T20 World Cup Trophy, क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह
कानपुर शहर 31 जनवरी को एक ऐतिहासिक पल का गवाह बनेगा जब आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप की चमचमाती ट्रॉफी शहर में पहुंचेगी। यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव के बर्रा-8 स्थित केडीएमए इंटरनेशनल स्कूल में स्वागत के लिए रखी जाएगी। इस अवसर पर युवा क्रिकेटर, पूर्व खिलाड़ी और शहर के क्रिकेट प्रेमी ट्रॉफी को करीब से देख सकेंगे। यह पहला मौका है जब विश्व कप क्रिकेट की ट्रॉफी कानपुर शहर में लाई जा रही है, जिससे स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है।
यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप का 10वां संस्करण सात फरवरी से शुरू हो रहा है। इस विश्व कप के रोमांच को बढ़ाने के उद्देश्य से, भारतीय टीम के सभी सदस्यों के स्कूलों में यह ट्रॉफी भेजी जा रही है। कानपुर में ट्रॉफी का स्वागत कुलदीप यादव के स्कूल में विशेष बैंड की धुन के बीच किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कुलदीप यादव के परिवार के अलावा, अंडर-19 महिला और पुरुष विश्व कप में शहर का प्रतिनिधित्व करने वाले आदर्श सिंह और अर्चना देवी के परिवार भी शामिल होंगे। इसके साथ ही, पूर्व क्रिकेटर, युवा क्रिकेटर और कानपुर प्रीमियर लीग के उभरते खिलाड़ी भी इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनेंगे।
