कानपुर: ग्रीनपार्क हॉस्टल और येलो टीम के बीच होगा जूनियर क्रिकेट का फाइनल मुकाबला
कानपुर में उत्तर प्रदेश दिवस के उपलक्ष्य में खेल निदेशालय द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जनपदीय जूनियर बालक क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांच अपने चरम पर है। रविवार को ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मैचों के बाद फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। खिताबी मुकाबला अब ग्रीनपार्क हॉस्टल और ग्रीनपार्क येलो के बीच खेला जाएगा।
पहले सेमीफाइनल मैच में ग्रीनपार्क हॉस्टल ने जीआईसी टीम को तीन विकेट से मात दी। जीआईसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 81 रन बनाए, जिसमें अभय ने 35 रनों का योगदान दिया। जवाब में ग्रीनपार्क हॉस्टल ने 10.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। हॉस्टल की ओर से अतीत ने 27 और अर्जुन ने 18 रन बनाए।
दूसरे सेमीफाइनल में ग्रीनपार्क येलो टीम ने स्मेसिट क्रिकेट एकेडमी को छह विकेट से हराया। स्मेसिट एकेडमी ने 12 ओवर में 79 रन बनाए, जिसमें शाश्वत ने 45 रन की पारी खेली। ग्रीनपार्क येलो ने 11 ओवर में 80 रन बनाकर जीत दर्ज की। टीम की जीत में सुधांशु ने 48 रनों की शानदार पारी खेली।
