कानपुर में 12 दिनों तक रहेगी जल आपूर्ति बाधित, कई इलाकों में नहीं आएगा पानी | Kanpur news
कानपुर के निवासियों को अगले कुछ दिनों तक पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। जलकल विभाग ने शहर के दो प्रमुख हिस्सों में अलग-अलग कारणों से जल आपूर्ति बाधित रहने की सूचना दी है।
मसवानपुर और रावतपुर में 27 और 28 जनवरी को जलापूर्ति प्रभावित होगी। जलकल विभाग जोनल पंपिंग स्टेशन मसवानपुर स्थित भूमिगत जलाशय की सफाई करने जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, शुद्ध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जलाशयों की समय-समय पर सफाई आवश्यक है। 27 जनवरी की शाम और 28 जनवरी की सुबह मसवानपुर में जलापूर्ति पूरी तरह ठप रहेगी, जबकि रावतपुर इलाके में आंशिक रूप से बाधित रहेगी।
शहर दक्षिण में 12 दिन तक रहेगी परेशानी
शहर दक्षिण के बड़े हिस्से में 28 जनवरी से 8 फरवरी तक गंगा बैराज से होने वाली जल आपूर्ति ठप रहेगी। जल निगम जीआरपी पाइप लाइन बिछाने का काम कर रहा है, जिसके तहत मुख्य फीडर मेन लाइन को जोड़ा जाना है। यह काम मछली मंडी साकेत नगर, दक्षिण द्वार बारादेवी, परागडेरी के सामने, दीप टॉकीज तिराहा और निराला नगर जोनल पंपिंग स्टेशन के पास होना है। इस दौरान मुख्य फीडर मेन लाइन 12 दिन तक बंद रहेगी। हालांकि, गंगा बैराज से दादानगर फ्लाईओवर और फूलबाग तक जलापूर्ति निर्बाध रूप से जारी रहेगी।
