2027 UP चुनाव के लिए चंद्रशेखर आजाद का बड़ा ऐलान, मुफ्त शिक्षा और इलाज का वादा
आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से माहौल बनाना शुरू कर दिया है। आगरा में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कई बड़े चुनावी वादे किए। चंद्रशेखर ने ऐलान किया कि अगर उनकी पार्टी की सरकार बनती है, तो प्रदेश के गरीब परिवारों को मुफ्त शिक्षा और मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार बनने पर झूठे मुकदमों को वापस लिया जाएगा।
आगरा के जीआईसी मैदान में आयोजित इस शक्ति प्रदर्शन रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। चंद्रशेखर आजाद ने इस दौरान यूपी सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि अगर पूरा समाज एकजुट हो जाए, तो उत्तर प्रदेश में 300 सीटें जीतना संभव है। उन्होंने समर्थकों से हिम्मत न हारने की अपील करते हुए कहा कि एक बार बाबा साहब अंबेडकर के बच्चे को ताकत देकर देखें, प्रदेश में गुंडागर्दी का माहौल ठंडा हो जाएगा।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनकी सरकार में महलों और एसी ऑफिस में रहने वाले अधिकारी गरीब बस्तियों में जाकर कैंप लगाएंगे। उन्होंने आउटसोर्सिंग व्यवस्था को खत्म करने का भी वादा किया। उन्होंने कहा कि संविदा कर्मचारियों को या तो नियमित नौकरी दी जाएगी या 50,000 रुपए वेतन वाली पक्की नौकरी।
रैली के दौरान चंद्रशेखर आजाद ने ईसाई समाज के लोगों के साथ हो रहे कथित अत्याचारों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि मसीह समाज आज परेशान है और चर्च में पूजा-अर्चना नहीं कर पा रहा है। उन्होंने वादा किया कि अगर मसीह समाज के लोगों के साथ मारपीट या चर्च पर हमला होता है, तो आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी उनके साथ खड़ी रहेगी।
रैली के अंत में मंच पर ही आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। मंच पर चढ़ने और चंद्रशेखर की एक झलक पाने के लिए धक्का-मुक्की होने लगी। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। समर्थकों को लड़ता देख चंद्रशेखर ने माइक संभाला और शांत रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि इतने साल से तो कष्ट सहते आ ही रहे हो, थोड़ा और सह लो। आज पीड़ा सहोगे तो सैकड़ों साल पीड़ा आपके आसपास नहीं आ पाएगी।
