आगरा के शाहगंज इलाके में दो भाइयों को गोली मारने के मामले में आरोपी हिस्ट्रीशीटर बीपी उर्फ विनय प्रताप ने जेल जाने से पहले एक युवक को जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित...
आगरा के शाहगंज इलाके में दो भाइयों को गोली मारने के मामले में आरोपी हिस्ट्रीशीटर बीपी उर्फ विनय प्रताप ने जेल जाने से पहले एक युवक को जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित युवक और उसके परिवार में दहशत का माहौल है। इस धमकी के बाद शाहगंज थाने में हिस्ट्रीशीटर और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
यह घटना शाहगंज की इंद्रा कालोनी की है, जहां रिटायर्ड दारोगा सुरेंद्र सिंह के बेटे राघवेंद्र और भतीजे सन्नी उर्फ तरुन को रविवार रात मारपीट के बाद तमंचे से गोली मार दी गई थी। इस मामले में सुरेंद्र सिंह ने मोहल्ला निवासी बीपी उर्फ विनय प्रताप, उसके साथी शारिक, अनस, प्रिंस, अमित ठाकुर, राजू और विकास के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने अमित के घर से एक्टिवा स्कूटर और बाइक को कब्जे में लिया है। बीपी को शक है कि इंद्रा नगर निवासी सन्नी मल्होत्रा ने पुलिस को सूचना दी थी, जिसके कारण यह कार्रवाई हुई। इसी रंजिश के चलते उसने सन्नी को धमकी दी।
सन्नी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि 13 जनवरी को बीपी ने फोन पर उसे जान से मारने की धमकी दी और जेल से छूटने पर देख लेने की बात कही। पीड़ित ने धमकी की कॉल रिकॉर्डिंग और चैटिंग भी पुलिस को सौंपी है। शाहगंज पुलिस ने बीपी उर्फ विजय प्रताप और सन्नी ठाकुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने दो भाइयों को गोली मारने के मामले में मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर बीपी की तलाश में कई जगह दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। हालांकि, वह एक अन्य मामले में जेल चला गया। पुलिस को उसके जेल जाने की जानकारी दूसरे दिन हुई। पुलिस के अनुसार, बीपी के खिलाफ 2016 में लूट का मुकदमा दर्ज है और वह जमानत पर था। इस मामले में उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी थे। कोर्ट में पेश होने पर न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल करेगी।