कानपुर में अधेड़ ने की आत्महत्या, परिजनों ने लगाया मकान मालिक पर गंभीर आरोप | Kanpur news
कानपुर के चकेरी इलाके में शनिवार को एक 48 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना परदेवनपुरवा की है, जहां बृजेश सिंह उर्फ मुन्ना (48) अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहते थे। बृजेश मूल रूप से उन्नाव के अजगैन थाना क्षेत्र के नानतीपुर मोहल्ले के निवासी थे।
शनिवार दोपहर जब बृजेश की बेटी अनन्या घर लौटीं, तो उन्होंने अपने पिता को पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका पाया। उन्होंने तुरंत परिजनों और पड़ोसियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की पत्नी अंजना सिंह ने पुलिस को बताया कि बृजेश पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मकान मालिक और पड़ोसियों द्वारा लगातार घर खाली करने का दबाव बनाया जा रहा था, जिसके कारण उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
