लखनऊ news: बहन ने ही बहन के घर में की चोरी, 20 लाख के जेवर और नकदी गायब
लखनऊ के आलमबाग क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बहन पर अपनी ही बहन के घर और दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी करने का आरोप लगा है। पीड़िता सोनम मल्होत्रा ने अपनी बहन रश्मि मल्होत्रा और दो अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। यह पूरा विवाद पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहा था।
सोनम मल्होत्रा ने पुलिस को बताया कि वह 29 नवंबर को अपनी बुआ के इलाज के लिए नोएडा गई थीं। इसी दौरान उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर बहन रश्मि ने भूषण मल्होत्रा और शशिकांत द्विवेदी के साथ मिलकर मकान और दुकान पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की। आरोप है कि उन्होंने घर के ताले तोड़ दिए और अंदर रखी करीब 20 लाख रुपये के जेवरात और 70 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
पीड़िता को 14 दिसंबर को पड़ोसियों से घटना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने नोएडा से ही पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी और वकील के माध्यम से आलमबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई। जब वह 22 दिसंबर को लखनऊ लौटीं, तो उनकी बहन ने उन्हें घर में घुसने नहीं दिया और धमकी दी। दो दिन बाद जब सोनम पुलिस के साथ घर पहुंचीं, तो उन्होंने पाया कि स्टोर रूम का दरवाजा और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। आरोपितों ने पुराने ताले हटाकर अपने ताले लगा दिए थे।
आलमबाग पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ घर में घुसने, चोरी, मारपीट और धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
