लखनऊ में कारोबारी से लूट, बाइक सवार उचक्के बैग लेकर फरार (Lucknow crime news)
लखनऊ के पारा इलाके में गुरुवार दोपहर एक किराना कारोबारी को निशाना बनाया गया। दो बाइक सवार उचक्के कारोबारी की बाइक पर रखा सामान और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। यह घटना तब हुई जब कारोबारी अपनी दुकान खोलने की तैयारी कर रहा था। पीड़ित ने शोर मचाते हुए उनका पीछा भी किया, लेकिन उचक्के भागने में सफल रहे। इस घटना से स्थानीय कारोबारियों में दहशत का माहौल है।
गोकुल ग्राम योजना निवासी शैलेंद्र किराना कारोबारी हैं। वह बाजार से सामान खरीदकर लाए थे और दुकान खोलने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने बाइक पर सामान रखकर दुकान खोलने की प्रक्रिया शुरू ही की थी कि तभी दो उचक्कों ने मौका देखकर बैग उठा लिया। शैलेंद्र के मुताबिक, बैग में लगभग 35 हजार रुपये का सामान और 6 हजार रुपये नकद थे।
घटना के बाद शैलेंद्र ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
