KGMU case: हिंदू लड़कियों से निकाह का टारगेट देते थे मौलाना, जांच में बड़ा खुलासा
लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में यौन शोषण और धर्मांतरण के आरोपी डॉक्टर रमीज मलिक के मामले में जांच एजेंसियों को चौंकाने वाली जानकारी मिली है। जांच में खुलासा हुआ है कि मौलाना KGMU और आगरा के मेडिकल कॉलेजों में जाकर मुस्लिम डॉक्टरों और स्टाफ की क्लास लेते थे। इन बैठकों में मौलाना डॉक्टरों को हिंदू लड़कियों से निकाह करने का संदेश देते थे और इसे शवाब का काम बताते थे।
सूत्रों के मुताबिक, मौलाना ग्रुप से जुड़े हर डॉक्टर को दो हिंदू महिलाओं से निकाह करने का टारगेट देते थे। इस खुलासे के बाद एलआईयू और पुलिस की जांच में तेजी आई है। एजेंसियों ने ग्रुप से जुड़े डॉक्टरों के आधार पर कई मौलानाओं की पहचान की है और जल्द ही उनसे पूछताछ की तैयारी है। इसके अलावा, दोनों मेडिकल कॉलेजों में आने वाले मौलानाओं का ब्योरा भी जुटाया जा रहा है।
दूसरी ओर, जांच टीमें आगरा की पीड़ित महिला डॉक्टर का धर्मांतरण कराकर निकाह कराने वाले काजी जाहिद की तलाश में जुटी हैं। जाहिद की गिरफ्तारी से गिरोह के नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। उसकी तलाश में दिल्ली, उत्तराखंड और पश्चिम उत्तर प्रदेश समेत कई जिलों में दबिश दी जा रही है।
इस संवेदनशील मामले को लेकर हिंदूवादी संगठन लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसे देखते हुए KGMU परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस के साथ ही पीएसी को भी तैनात किया गया है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम ने बताया कि परिसर में सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
