Kanpur Traffic News: अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर DCP का सख्त एक्शन, 100 से ज्यादा वाहनों के चालान
कानपुर में ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। डीसीपी ट्रैफिक ने शहर के व्यस्ततम चौराहों का दौरा किया और पाया कि अतिक्रमण और अवैध पार्किंग ही जाम की मुख्य वजह है। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने का आदेश दिया।
डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार ने एसीपी यातायात और चकेरी थानेदार के साथ रामादेवी, एचएएल मोड़, शिवकटरा रोड और हरजेंद्रनगर चौराहों का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि सड़कों और फुटपाथों पर अवैध कब्जे और नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े वाहनों के कारण यातायात बाधित हो रहा है।
डीसीपी ने निर्देश दिया कि अतिक्रमण हटाने और नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जाए। उन्होंने थानेदार से कहा कि नियमित निरीक्षण किया जाए और पिकेट तैनात की जाए ताकि समस्या दोबारा न हो।
निर्देशों के बाद टीआई राजकुमार मिश्र ने संभुआ पुल और पतारा में 43 वाहनों के चालान किए। टीआई राजेश कुमार मिश्र ने 75 बसों के चालान किए, जो अवैध रूप से खड़ी थीं और सड़क पर सवारियां उतार-चढ़ा रही थीं। कुछ बसों को क्रेन से भी हटवाया गया।
