लखनऊ में साइबर ठगी का बड़ा मामला, 5 लोगों से 7 लाख से ज्यादा की धोखाधड़ी | Lucknow news
लखनऊ में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। हाल ही में शहर के अलग-अलग इलाकों में पांच लोगों के साथ धोखाधड़ी हुई है, जिसमें जालसाजों ने कुल 7.25 लाख रुपये से अधिक की रकम पार कर दी। इन मामलों में ऑनलाइन होटल बुकिंग से लेकर फर्जी ओटीपी और बैंक ऐप के नाम पर ठगी शामिल है। पुलिस ने सभी पीड़ितों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
फर्जी ओटीपी से लाखों की ठगी
चौक इलाके के चौपटिया निवासी सुबोध अग्रवाल के साथ सबसे बड़ी ठगी हुई। वह एक दुकान में कैशियर हैं। 12 जनवरी को उनके मोबाइल पर एक ओटीपी आया। जब तक वह कुछ समझ पाते, उनके खाते से तीन बार में 2.61 लाख रुपये और उनकी बेटी के खाते से 18 हजार रुपये निकल गए। सुबोध ने फौरन बैंक में शिकायत की, लेकिन बैंक ने उन्हें पुलिस के पास भेज दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
होटल बुकिंग और फर्जी लिंक से ठगी
चिनहट की विनीता श्रीवास्तव के साथ ऑनलाइन होटल बुकिंग के नाम पर धोखाधड़ी हुई। उन्होंने ओडिशा के पुरी में रुकने के लिए ऑनलाइन होटल सर्च किया। जालसाज ने खुद को होटल कर्मचारी बताकर उनसे बुकिंग और जीएसटी के नाम पर 76,020 रुपये ऐंठ लिए। इसी तरह, बंथरा में विजय कुमार शर्मा एसबीआई योनो ऐप इंस्टॉल कर रहे थे। एक जालसाज ने एसबीआई कर्मी बनकर उन्हें एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही उनके खाते से 1.90 लाख रुपये कट गए।
फर्जी क्रेडिट मैसेज भेजकर ठगी
गोमतीनगर विस्तार के रामकुमार राठौर के साथ भी जालसाजी हुई। उन्हें एक कॉल आया जिसमें फोनकर्ता ने खुद को दोस्त बताया। जालसाज ने कहा कि उसने उनके खाते में कुछ रुपये भेजे हैं और उन्हें एक अन्य खाते में ट्रांसफर करने को कहा। फर्जी क्रेडिट मैसेज भेजकर जालसाज ने रामकुमार से 75 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। गौतमपल्ली के आदित्य यादव के खाते से भी 13 जनवरी को साइबर जालसाज ने 1 लाख रुपये पार कर दिए। साइबर सेल में शिकायत के बाद गौतमपल्ली थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
