गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली में अवैध हथियारों का जखीरा बरामद, 5 गिरफ्तार; ‘delhi crime news’
गणतंत्र दिवस समारोह से पहले सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दिल्ली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अवैध हथियार बनाने और बेचने वाले एक अंतर-राज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। यह सिंडिकेट दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के गैंगस्टरों को हथियार सप्लाई करता था। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में उपेंद्र, अशरफ अली, सतीश, भरत और इम्तियाज शामिल हैं। ये सभी आरोपी हत्या, गैंगस्टर एक्ट, लूटपाट और डकैती जैसे गंभीर आपराधिक मामलों में पहले से ही शामिल रहे हैं। पुलिस ने बताया कि सिंडिकेट के सदस्य सुनसान खेतों में अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री चला रहे थे।
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए, टीम ने राजोकरी टी-प्वाइंट के पास भरत नाम के एक तस्कर को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मेरठ के कैली गांव में चल रही अवैध हथियार बनाने वाली यूनिट का भंडाफोड़ किया। यहां से अशरफ अली, उपेंद्र और सतीश को गिरफ्तार किया गया। बाद में इम्तियाज को भी पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 देसी कट्टे, 12 कारतूस, और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी और कच्चा माल बरामद किया है। बरामद सामान में लोहे की बैरल, ग्राइंडर, वेल्डिंग रॉड, छेनी और अन्य उपकरण शामिल हैं। इस कार्रवाई से दिल्ली-एनसीआर में अवैध हथियारों की सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा है।
