आगरा मेट्रो का मनकामेश्वर से ISBT तक डाउन ट्रैक ट्रायल शुरू, आसान होगा TDI Mall से सफर
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन (UPMRC) 28 जनवरी से आगरा मेट्रो के मनकामेश्वर स्टेशन से आईएसबीटी स्टेशन तक डाउन ट्रैक का परीक्षण शुरू करने जा रहा है। यह परीक्षण धीमी गति से शुरू होगा, जिसमें पहले दिन मेट्रो को पांच से सात किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलाया जाएगा।
शुरुआती तीन से चार दिनों तक ट्रैक की गहन जांच की जाएगी। इसके बाद, दो सप्ताह के भीतर अप और डाउन दोनों ट्रैक पर एक साथ मेट्रो का परीक्षण शुरू होगा, जिसमें मेट्रो को अधिकतम 90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ाया जाएगा। इस बीच, मॉल रोड और एमजी रोड से बैरिकेडिंग हटाने का काम भी तेज कर दिया गया है, और उम्मीद है कि दो से तीन महीने में बैरिकेडिंग पूरी तरह से हटा दी जाएंगी।
मनकामेश्वर से आईएसबीटी तक के पांच स्टेशनों में से चार भूमिगत और एक एलिवेटेड है। हाल ही में UPMRC ने अप ट्रैक पर मेट्रो का सफल परीक्षण पूरा किया था, जिसमें ट्रैक और मेट्रो दोनों को सही पाया गया। अब 28 जनवरी से डाउन ट्रैक का परीक्षण शुरू होगा।
UPMRC के संयुक्त महाप्रबंधक (जनसंपर्क) पंचानन मिश्र ने बताया कि मार्च तक अप और डाउन दोनों ट्रैक आम जनता के लिए खोल दिए जाएंगे। इससे TDI Mall, फतेहाबाद रोड से लेकर ISBT तक यात्रा करना काफी आसान हो जाएगा। इस सुविधा के शुरू होने से यात्रियों की संख्या में भी वृद्धि होने की उम्मीद है, जो वर्तमान में पांच से साढ़े पांच हजार यात्री प्रतिदिन सफर कर रहे हैं।
