लखनऊ विश्वविद्यालय: बीफार्मा, बीकॉम समेत 6 कोर्सेज का रिजल्ट जारी, हॉस्टल खाने की गुणवत्ता पर भी एक्शन
लखनऊ विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए बीकॉम पंचम सेमेस्टर, बीफार्मा, एमए फ्रेंच, आचार्य, एमपीएड और बीपीएड तृतीय सेमेस्टर का परीक्षाफल घोषित कर दिया है। परीक्षा नियंत्रक ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं, जिसके अनुसार छात्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया है। चीफ प्रोवोस्ट प्रो. अनूप कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने कई छात्रावासों का औचक निरीक्षण कर कैटरर्स को आवश्यक सुझाव दिए। इस दौरान किचन, भंडार गृह और भोजनालय में साफ-सफाई का भी जायजा लिया गया। हबीबुल्लाह छात्रावास में सफाई को लेकर कड़े निर्देश दिए गए। भविष्य में अन्य छात्रावासों का भी इसी तरह निरीक्षण किया जाएगा। इस निरीक्षण का उद्देश्य छात्रों को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करना है।
