सरोजनीनगर में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया, 15 करोड़ की भूमि मुक्त
लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने के अभियान के तहत नगर निगम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा रातोंरात विकसित की जा रही अवैध टाउनशिप पर बुलडोजर चला है। अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव की टीम ने तहसील प्रशासन और पुलिस के सहयोग से ग्राम अमौसी, हरिहरपुर और बिरूरा में अवैध कब्जों को हटाया।
सरकारी भूमि को कराया अतिक्रमण मुक्त
ग्राम हरिहरपुर में शासकीय भूमि से 0.3557 हेक्टेयर, जिसकी बाजार कीमत लगभग 9.24 करोड़ रुपये है, को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। ग्राम अमौसी में 1.061 हेक्टेयर भूमि, जिसकी कीमत लगभग 2.78 करोड़ रुपये है, को भी अवैध प्लॉटिंग और बाउंड्रीवाल से मुक्त किया गया। ग्राम बिरूरा में तालाब की 0.190 हेक्टेयर भूमि से भी कब्जा हटाया गया, जिसकी कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये आंकी गई है।
इस संयुक्त कार्रवाई में कुल 1.5967 हेक्टेयर सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 15 करोड़ 3 लाख 33 हजार 500 रुपये है। इस कार्रवाई से सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जे को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
