कानपुर देहात में Cold wave का कहर, शीतलहर और कोहरे से जनजीवन अस्त-व्यस्त
कानपुर देहात में कड़ाके की सर्दी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले दो दिनों से जारी शीतलहर और घने कोहरे के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। शनिवार रात से ही पारा गिरने के साथ बर्फीली हवाओं ने गलन बढ़ा दी, जिससे लोग रजाई में दुबके रहने के बावजूद ठंड महसूस कर रहे थे।
रविवार की सुबह भी घने कोहरे और सर्द हवाओं के साथ हुई। आसमान में कोहरे की चादर छाई रहने के कारण हाईवे और सड़कों पर वाहनों की रफ्तार काफी धीमी रही। वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा, जिससे यात्रा में अधिक समय लगा। कड़ाके की सर्दी के चलते पशु-पक्षी भी बेहाल नजर आए।
घने कोहरे के कारण रेलगाड़ियों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है, जिससे ट्रेनें घंटों विलंबित चल रही हैं। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को कड़ाके की ठंड में ठिठुरते हुए अपनी ट्रेन का इंतजार करना पड़ा। सर्दी की वजह से मार्निंग वॉक पर निकलने वालों की संख्या भी कम रही, और अधिकांश लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।
