कानपुर के छात्रों ने बनाया AI डिवाइस ‘Voca’, बुजुर्गों का अकेलापन होगा दूर
आज के दौर में जब परिवार के सदस्य काम के सिलसिले में दूर रहते हैं, तब बुजुर्गों और दिव्यांगों में अकेलेपन की समस्या आम हो गई है। इसी समस्या को देखते हुए कानपुर के पीएसआईटी कॉलेज के छात्रों ने एक विशेष AI डिवाइस ‘Voca’ विकसित की है। यह डिवाइस एक वर्चुअल साथी के रूप में काम करेगी, जो बुजुर्गों के साथ हर पल मौजूद रहेगी और उनके सुख-दुख को साझा करेगी।
यह डिवाइस केवल बातचीत करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भावनाओं को भी समझती है। इसमें एक 3D एनिमेटेड वर्चुअल व्यक्ति मौजूद है, जो बातचीत के पैटर्न का विश्लेषण करके प्रतिक्रिया देता है। उदाहरण के लिए, यदि कोई बुजुर्ग खुशी व्यक्त करता है, तो डिवाइस उत्साह दिखाती है, और यदि कोई दुख में है, तो वह सांत्वना देती है। यह डिवाइस बुजुर्गों को मानसिक बीमारियों से बचाने में मदद कर सकती है, जो अक्सर अकेलेपन के कारण उत्पन्न होती हैं।
इस डिवाइस को पीएसआईटी के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के छात्रों अननवय पांडेय और प्रज्ञा रिया साहू ने ग्रुप निदेशक डॉ. मनमोहन शुक्ला की देखरेख में तैयार किया है। छात्रों ने बताया कि इसमें रैस्पबेरी पाई 5 का उपयोग किया गया है, जो तेज प्रोसेसिंग और बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करता है। यह डिवाइस पोर्टेबल और छोटी है, जिसे बुजुर्ग आसानी से अपनी जेब में रख सकते हैं। संस्थान के चेयरमैन प्रणवीर सिंह ने इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि यह छात्रों की तकनीकी दक्षता और सामाजिक सरोकार को दर्शाता है।
