Delhi Dengue cases: AAP ने MCD पर लगाए आंकड़े छिपाने के आरोप, मेयर ने किया खारिज
दिल्ली में डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) और नगर निगम (MCD) के बीच आंकड़ों को लेकर तीखी बहस छिड़ गई है। AAP ने MCD पर डेंगू के मामलों की संख्या कम करके बताने का आरोप लगाया है, जिससे जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है।
AAP नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने दावा किया कि MCD द्वारा जारी किए गए डेंगू के आंकड़े केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों से पूरी तरह मेल नहीं खाते हैं। उन्होंने कहा कि MCD जहां इस साल केवल 1493 मामले बता रही है, वहीं केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार दिल्ली में 16,866 मामले दर्ज किए गए हैं। नारंग ने यह भी कहा कि मेडिकल सर्टिफिकेशन डेटा के मुताबिक डेंगू से 538 मौतें हुई हैं, जबकि MCD ने केवल 19 मौतें बताई हैं। उन्होंने निगम से इस विरोधाभास पर स्पष्टीकरण की मांग की है।
मेयर ने आरोपों को बताया भ्रामक प्रचार
AAP के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली के मेयर राजा इकबाल सिंह ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने AAP पर झूठा और भ्रामक प्रचार फैलाने का आरोप लगाया। मेयर ने कहा कि डेंगू जैसे गंभीर जनस्वास्थ्य विषय पर जनता को गुमराह करना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे अनावश्यक भय पैदा होता है।
मेयर ने स्पष्ट किया कि डेंगू से संबंधित सभी आंकड़े एक तय वैज्ञानिक और प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत एकत्र किए जाते हैं, न कि किसी राजनीतिक दल के आधार पर। उन्होंने बताया कि इंटीग्रेटेड हेल्थ इन्फार्मेशन प्लेटफार्म (IHIP) पर सभी पंजीकृत सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थान डेंगू के मामलों का डेटा अपलोड करते हैं। MCD इस डेटा की गहन जांच करती है, जिसमें डुप्लीकेट और बाहरी राज्यों से जुड़े मामलों को अलग किया जाता है। इस सत्यापन के बाद ही अंतिम रिपोर्ट तैयार की जाती है।
