कर्ज में डूबा Agra Jeweler लापता, पुलिस ने होटल से ढूंढ़कर परिवार को सौंपा
आगरा में कर्ज के बोझ से परेशान एक सर्राफा व्यवसायी को पुलिस ने नववर्ष के मौके पर एत्मादपुर के एक होटल से ढूंढ़ निकाला। व्यवसायी 28 दिसंबर से लापता था और उसके परिवार ने कोतवाली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस चेकिंग के दौरान व्यवसायी की पहचान हुई, जिसके बाद उसे परिवार को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, व्यवसायी अंकित अग्रवाल पर सोने-चांदी के कारोबार में भारी कर्ज हो गया था। बाजार में कीमतों के लगातार उतार-चढ़ाव के कारण वह कर्ज चुकाने में असमर्थ हो गया था। तगादेदारों के दबाव से बचने के लिए उसने शहर छोड़ दिया और एत्मादपुर के एक होटल में छिप गया था।
नववर्ष के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एत्मादपुर कस्बे के होटलों में चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान देवाश पर्ल होटल में एक संदिग्ध व्यक्ति मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम अंकित अग्रवाल, निवासी बेलनगंज, आगरा बताया। उसके दोनों फोन बंद थे, जिससे संदेह हुआ। पुलिस ने फोन चार्ज कराकर उसकी पत्नी से संपर्क किया, जिन्होंने बताया कि उनके पति 28 दिसंबर से लापता हैं। परिवार ने पुलिस को बताया कि कर्ज के चलते वह परेशान थे और इसी वजह से छिपे होंगे। पुलिस ने अंकित को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
