आगरा में खेत में पानी लगा रहे किसान पर जंगली जानवर का हमला, तेंदुआ की आशंका | Agra news
आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के घड़ी सहजा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब खेत में पानी लगा रहे एक किसान पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। घायल किसान गुड्डू ने बताया कि हमला करने वाला जानवर तेंदुआ जैसा दिख रहा था।
यह घटना पातीराम डिग्री कॉलेज के पास आलू के खेत में हुई, जहां गुड्डू अपने खेत में पानी लगा रहा था। अचानक घात लगाए बैठे जानवर ने उस पर झपट्टा मारा। गुड्डू के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे अन्य किसान दौड़ पड़े। शोर-शराबा सुनकर जंगली जानवर जंगल की ओर भाग गया।
इस हमले में किसान गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों में तेंदुए के डर से दहशत का माहौल है। यह घटना इस बात का संकेत देती है कि जंगली जानवर अब मानव बस्तियों के करीब आ रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा हो गया है।
