आगरा में नए साल पर रूट डायवर्जन, नो एंट्री पास निरस्त; ट्रैफिक हेल्पलाइन जारी
नए साल के आगमन पर आगरा में पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को शहर में रूट डायवर्जन लागू रहेगा, जिससे जाम की स्थिति से बचा जा सके। इस अवधि में सभी पूर्व में जारी किए गए नो एंट्री पास भी मान्य नहीं होंगे।
यातायात पुलिस ने शहर के उन प्रमुख स्थानों को चिन्हित किया है जहां अक्सर जाम लगता है। इन स्थानों पर जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ-साथ त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) भी तैनात रहेगी।
आम नागरिकों की सुविधा के लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर 9454457886 जारी किया गया है। इस नंबर पर यातायात संबंधी किसी भी प्रकार की शिकायत या सुझाव दर्ज कराए जा सकते हैं।
नव वर्ष के पहले दो दिनों में भारी वाहनों को शहर में प्रवेश करने से रोका जाएगा। रोहता नहर चौराहा, मलपुरा नहर चौराहा, पथौली नहर चौराहा से भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इसी प्रकार, एनएच-19 पर रामबाग चौराहा, वाटरवर्क्स चौराहा, सुल्तानगंज की पुलिया, भगवान टाकीज चौराहा, खंदारी चौराहा, गुरुद्वारा गुरु का ताल, सिकंदरा तिराहा, बोदला चौराहा, एत्माद्दौला तिराहा, तोरा चौकी, एकता थाना और आगरा महानगर के अन्य प्रवेश मार्गों से भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। एमजी रोड, माल रोड और फतेहाबाद रोड पर शाम से बैरियर लगाए जाएंगे।
डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए यह रूट डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
