बरेली में बर्थडे पार्टी पर बवाल, हिंदू संगठनों ने लगाया ‘लव जिहाद’ का आरोप; पुलिस ने की कार्रवाई
उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में एक रेस्टोरेंट में जन्मदिन की पार्टी के दौरान उस समय तनाव पैदा हो गया जब कुछ हिंदू संगठनों ने ‘लव जिहाद’ का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। यह घटना प्रेमनगर इलाके के एक कैफे में हुई, जहाँ एक हिंदू युवती अपने जन्मदिन की पार्टी मना रही थी। पार्टी में युवती के साथ उसके कुछ दोस्त भी शामिल थे, जिनमें दो मुस्लिम युवक भी थे।
पार्टी की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता रेस्टोरेंट के बाहर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह ‘लव जिहाद’ का मामला है और कैफे के अंदर घुसकर नारेबाजी भी की। हंगामे की सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए युवती और उसके दोस्तों को थाने ले आई।
पुलिस पूछताछ के दौरान युवती ने बताया कि वह प्रेमनगर के एक हॉस्टल में रहती है और बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा है। उसने अपने जन्मदिन की पार्टी में कुल 10 दोस्तों को बुलाया था, जिनमें छह लड़कियां और चार लड़के शामिल थे। पुलिस ने युवती के परिजनों को भी बुलाया।
पुलिस कार्रवाई के दौरान, एक मुस्लिम युवक मौके से फरार हो गया था। हालांकि, बाद में पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर फरार युवक को भी तलाश कर लिया। पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में दो मुस्लिम युवकों और रेस्टोरेंट के एक स्टाफ सदस्य सहित कुल तीन लोगों का चालान किया है।
