Agra news: ज्वेलरी शॉप में चोरी, 10 चांदी के कड़े चुराए, एक आरोपी गिरफ्तार
आगरा के सेब बाजार स्थित कमल ज्वैलर्स में ग्राहक बनकर आए चोरों ने 10 चांदी के कड़े चुरा लिए। यह वारदात 25 दिसंबर की शाम हुई। दुकानदारों की मदद से एक चोर को पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। चोरी की यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।
कोतवाली के सेब बाजार स्थित कमल ज्वैलर्स में 25 दिसंबर की शाम छह बजे पांच युवक ग्राहक बनकर दाखिल हुए। दुकान के कर्मचारियों ने उन्हें चांदी के कड़े दिखाने शुरू किए। इसी दौरान चोरों ने कर्मचारियों को झांसा देकर 10 चांदी के कड़े चोरी कर लिए।
दुकान के प्रबंधक देवांश जैन के अनुसार, एक कर्मचारी ने एक चोर को कड़ा जेब में रखते हुए देख लिया। इसके बाद चोर तेजी से दुकान से भागने लगे। कर्मचारियों ने शोर मचाया और आसपास के दुकानदारों की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी में आरोपी के पास से दो चांदी के कड़े बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी शालू उर्फ खलीकउद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के नाम बताए हैं। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब फरार हुए अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
