ताजमहल के पास पेड़ पर चढ़ा वन विभाग का श्रमिक, नौकरी बहाली के लिए किया प्रदर्शन | Agra News
आगरा में ताजमहल के पूर्वी गेट के पास गुरुवार को वन विभाग के एक दैनिक श्रमिक ने हाई वोल्टेज ड्रामा किया। नौकरी बहाली की मांग को लेकर श्रमिक अशोक ने रिजर्व फॉरेस्ट की दीवार से सटे एक पेड़ पर चढ़कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस घटना को देखने के लिए मौके पर देशी-विदेशी पर्यटकों की भीड़ जमा हो गई। पर्यटक अपने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और श्रमिक को समझाने का प्रयास किया।
श्रमिक अशोक का आरोप है कि उसे बिना किसी ठोस कारण के नौकरी से निकाल दिया गया है। उसने बताया कि वह कई बार अधिकारियों से गुहार लगा चुका है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण उसे यह कदम उठाना पड़ा। उसने कहा कि जब तक उसे नौकरी वापस नहीं मिलेगी, वह नीचे नहीं उतरेगा।
वन विभाग के अधिकारियों ने श्रमिक के आरोपों को खारिज किया है। विभाग का दावा है कि अशोक ने साल 2021 में लिखित रूप से काम छोड़ दिया था। उसका मामला लेबर कोर्ट के बाद हाईकोर्ट में भी विचाराधीन है। अधिकारियों ने बताया कि श्रमिक को काफी देर तक समझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया। इस घटना के बाद वन विभाग ने श्रमिक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
