मेहंदी महोत्सव में गिरिराज जी की भक्ति, छप्पन भोग की तैयारी
आगरा के कमला नगर स्थित अग्रवाल सेवा सदन में श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार की ओर से एक भव्य मेहंदी महोत्सव का आयोजन किया गया। यह आयोजन 21 और 22 दिसंबर को गोवर्धन में होने वाले दो दिवसीय छप्पन भोग मनोरथ की मंगल भूमिका के रूप में संपन्न हुआ। गिरिराज जी के नाम की मेहंदी, मधुर भजनों और श्रद्धालुओं की सामूहिक सहभागिता ने पूरे कार्यक्रम को आध्यात्मिक उल्लास और धार्मिक गरिमा से भर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री गिरिराज जी के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसे चरण सेवक अजय गोयल, मनोज कुमार गर्ग, श्याम सुंदर माहेश्वरी, पवन अग्रवाल, मनीष गोयल, नीरज अग्रवाल और नितिन अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। दीप प्रज्वलन के साथ ही सभागार “जय गिरिराज महाराज” के जयकारों से गूंज उठा।
मेहंदी महोत्सव के समापन से पूर्व, छप्पन भोग मनोरथ की तैयारियों के तहत 56 भोग एवं महाप्रसादी हेतु आवश्यक खाद्य सामग्री से लदे भारी वाहन गोवर्धन के लिए रवाना किए गए। यह दो दिवसीय छप्पन भोग मनोरथ वैष्णव परंपरा के अनुसार पूर्णतः शुद्धता, सेवा और श्रद्धा के साथ संपन्न होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु गिरिराज महाराज के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जिम्मा संयोजिकाओं नीता अग्रवाल, सीमा गोयल, उर्मिला माहेश्वरी, प्राची अग्रवाल, निधि अग्रवाल, मंजू गुप्ता, प्रियंका अग्रवाल, डॉ. कल्पना अग्रवाल, शिल्पी अग्रवाल और सोनाली अग्रवाल ने संभाला। अभिषेक सिंघल, मनीष बंसल, प्रदीप अग्रवाल, योगेश बंसल, राकेश सिंघल, रिंकल अग्रवाल, मनीष गोयल, आरती बंसल, कविता अग्रवाल आदि भी उपस्थित रहे।
