Agra Weather: कोहरे की चादर से ढका आगरा, तापमान में गिरावट, Expressway पर दृश्यता शून्य
आगरा में दो दिन मौसम साफ रहने के बाद गुरुवार सुबह से ही घना कोहरा छा गया। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड का अहसास बढ़ गया है। न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दोपहर 12 बजे के बाद धूप निकल सकती है। बुधवार को तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, लेकिन रात में गलन भरी सर्दी से लोग परेशान रहे।
घने कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेसवे सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर दृश्यता लगभग शून्य हो गई है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 170 बना हुआ है, जिसमें शाहजहां गार्डन की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित है। रेस्पिरेटरी विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार, कार्बन मोनोऑक्साइड और ओजोन के स्तर में वृद्धि से अस्थमा और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को परेशानी हो सकती है। सुबह और रात के समय प्रदूषण अधिक रहता है, इसलिए टहलने से बचने की सलाह दी गई है।
