आगरा में जीएसटी दफ्तर में बना व्यापारी कक्ष, व्यापार सुगम होगा
आगरा मंडल व्यापार संगठन के सदस्यों ने गुरुवार को राज्य कर विभाग के जयपुर हाउस स्थित दफ्तर में नव निर्मित व्यापारी कक्ष का निरीक्षण किया। संगठन के कार्यवाहक अध्यक्ष गिरीश चंद गोयल ने बताया कि यह उपलब्धि संगठन के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। इस कक्ष की स्थापना के लिए अपर आयुक्त राज्य कर विभाग के साथ ही आगरा उत्तर के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल को भी पत्र लिखा गया था। विधायक ने संगठन के पत्र का संज्ञान लेते हुए जीएसटी विभाग में इस दिशा में प्रयास किए। अब व्यापारी बिना किसी बाधा के इस कक्ष में बैठकर जीएसटी अधिकारियों के साथ बैठकें कर सकेंगे। संगठन के सदस्यों ने इस सुविधा के लिए विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है। चरणजीत थापर, पवन बंसल, त्रिलोक चंद शर्मा और अरविंद कुमार बंसल ने सभी व्यापारियों से इस कक्ष का लाभ उठाने की अपील की है। इस पहल से आगरा में व्यापारिक संवाद और सुगमता में वृद्धि होने की उम्मीद है।
