झूठी शान की खातिर बाप बना हैवान: रिटायर्ड दारोगा ने बेटी को दुपट्टे से घोंटा, दो महीने बाद खुला राज।
आगरा में झूठी शान की खातिर एक पिता ने अपनी बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। यह दिल दहला देने वाली घटना मलपुरा के विनायक गार्डन कॉलोनी की है, जहां रिटायर्ड दारोगा रणवीर यादव ने अपनी 33 वर्षीय बेटी अंशू यादव को मौत के घाट उतार दिया। अंशू अपने प्रेमी अनुराग यादव से शादी करना चाहती थी, लेकिन पिता को यह रिश्ता मंजूर नहीं था।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को रणवीर यादव ने अंशू से उसके प्रेमी के बारे में पूछा। जब अंशू ने शादी की बात पर अड़ी रही, तो पिता का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने आवेश में आकर बेटी के दुपट्टे से ही उसका गला घोंट दिया। अंशू ने जान बचाने के लिए अपने छोटे भाई लकी को आवाज भी दी, लेकिन जब तक वह पहुंचा, बहुत देर हो चुकी थी।
हत्या के बाद रणवीर यादव ने अपने बेटे गौरव और भतीजे सतीश के साथ मिलकर शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। वे अंशू के शव को कार की डिग्गी में डालकर इटावा ले गए और यमुना नदी के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया।
इस बीच, अंशू के प्रेमी अनुराग यादव को शक हुआ जब अंशू ने अचानक बात करना बंद कर दिया। अनुराग ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो उसने इलाहाबाद हाई कोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर कर दी। हाई कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद पुलिस सक्रिय हुई और दो महीने बाद इस झूठी शान की खातिर की गई हत्या का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने रणवीर यादव, उसके बेटे गौरव और भतीजे सतीश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
