आगरा: समोसे के पैसे मांगने पर दबंग ग्राहक ने दुकानदार पर की फायरिंग, बाल-बाल बची जान
आगरा के शमसाबाद में समोसे और मिठाई के पैसे मांगने पर एक दबंग ग्राहक ने मिठाई की दुकान के मालिक पर गोली चला दी। गनीमत रही कि दुकानदार बाल-बाल बच गया, जबकि आरोपी घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
यह घटना राजाखेड़ा मार्ग भनपुरा बाइपास स्थित मिठाई की दुकान पर हुई। दुकान पर दुकानदार धर्मेंद्र उर्फ धर्मवीर और उसका भाई हरकेश निवासी भनपुरा बैठे थे। रविवार देर शाम एक ग्राहक ने दुकान से समोसा और मिठाई ली। खाने के बाद जब वह जाने लगा तो दुकानदार ने उससे रुपए मांगे। रुपए मांगने पर ग्राहक तैश में आ गया और गाली-गलौज करने लगा।
कुछ ही देर बाद दबंग ग्राहक अपने साथियों के साथ वापस लौटा। उसने तमंचे से दुकानदार पर फायर कर दिया। दुकानदार और उसका भाई बाल-बाल बच गए। दोनों ने काउन्टर के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दुकान के मालिक धर्मेंद्र ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इंस्पेक्टर पवन कुमार सैनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर गोविंदा निवासी बांस दौलतराम, सूरज निवासी गढ़ी भूपाल व अज्ञात के विरुद्ध मुकद्दमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश में पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
