0

मौत का रास्ता बनी हरिद्वार की कनखल-लक्सर रोड, हर महीने जा रही 5 जानें

By Dec 10, 2025

हरिद्वार में कनखल-लक्सर मार्ग एक जानलेवा मार्ग बन गया है, जहाँ हर महीने लगभग पाँच लोगों की मौत हो रही है। सड़क की खराब हालत और यातायात नियमों के उल्लंघन के कारण यह मार्ग राहगीरों के लिए काल साबित हो रहा है।

कनखल-लक्सर मार्ग पर दुर्घटनाओं के आंकड़े लगातार डरा रहे हैं। राहगीरों के खून से लाल हो रहे इस मार्ग पर हर महीने औसतन पांच लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवा रहे हैं, लेकिन हालात सुधारने को ठोस कदम कागजों से आगे नहीं बढ़ पाए हैं। पिछले दिनों दो सगे भाइयों सहित 24 घंटे में तीन राहगीरों की मौत के बाद सिस्टम ने अंगड़ाई जरूर ली, मौका मुआयना हुआ, कागजों में ठोस कदम उठाने पर विचार हुआ, इसके बाद फिर राहगीरों की जिंदगी भगवान भरोसे छोड़ दी गई।

लक्सर मार्ग पर कनखल से ही दोनों तरफ स्कूल, हॉस्पिटल और घनी आबादी शुरू हो जाती है। जगजीतपुर, अजीतपुर, मिस्सरपुर, जियापोता से फेरुपुर, धनपुरा, पदार्था, बादशाहपुर, सुल्तानपुर तक हर पांच किलोमीटर के दायरे में सड़क किनारे कोई न कोई गांव है। लेकिन मार्ग की चौड़ाई सीमित है। उस पर समस्या यह है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। यही वजह है कि खनन व क्रशरों से जुड़े वाहन अक्सर दुपहिया वाहन सवारों के लिए काल साबित हो रहे हैं।

एक सप्ताह पहले स्थिति तब और भयावह हो गई, जब एक ही दिन में कटारपुर के दो सगे भाइयों और ज्वालापुर और ज्वालापुर के टैंट कारोबारी की मौत हो गई। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस, प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने लक्सर रोड का स्थलीय निरीक्षण किया और हादसों के कारणों की पड़ताल की। मौका मुआयना के दौरान पाया गया कि सड़क संकरी होने के साथ ही भारी वाहनों का दबाव, अंधे मोड़, अवैध कट, अपर्याप्त संकेतक, स्ट्रीट लाइटों की कमी और बेतरतीब अतिक्रमण हादसों की प्रमुख वजह बने हुए हैं।

निरीक्षण के दौरान दिन के समय भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने, मार्ग के दोनों ओर चौड़ीकरण, अवैध कट बंद करने, स्पीड ब्रेकर और संकेतक लगाने जैसे कई उपायों पर विचार किया गया। हालांकि इन सभी सुझावों पर अंतिम निर्णय जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली सड़क सुरक्षा समिति को लेना है। समिति की बैठक और ठोस फैसले का इंतजार अब भी बना हुआ है। यही वजह है कि रोजाना हजारों वाहन जिस मार्ग से गुजरते हैं, वहां हालात जस के तस हैं और हर दिन किसी नए हादसे का खतरा मंडरा रहा है।

मिस्सरपुर निवासी डा. शिव कुमार चौहान, फेरुपुर निवासी सुनील कश्यप, धनपुरा के इलियास मलिक का कहना है कि हर बार कोई बड़ा हादसा होने पर निरीक्षण और बैठक होती हैं। कुछ दिन बाद सब ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।

About

Journalist covering latest updates.

अगली खबरें

हरिद्वार स्वच्छता अभियान: चमक फीकी, ज़मीन पर गंदगी का अंबार

धर्मनगरी हरिद्वार में पिछले 18 दिनों से प्रशासन ‘स्वच्छ-सुंदर शहर अभियान’ चला रहा है। अभियान का कलेवर और शुरुआत तो सही है, परंतु जिस ईमानदारी के साथ इसे धरातल पर उतरना चाहिए था, वह अभी...
By Dec 10, 2025

हरिद्वार: टोल प्लाजा पर गुंडागर्दी, ID मांगना पड़ा महंगा; कार सवारों ने बैरियर तोड़कर कर्मियों को पीटा

बहादराबाद टोल प्लाजा पर शनिवार सुबह करीब तीन बजे एक कार बूथ नंबर-11 पर आकर रुकी। टोल कलेक्टर ने कार के चालक से टैक्स मांगा तो उसने खुद को लोकल बताते हुए बैरियर हटाने के...
By Dec 10, 2025

साझा करें