हमीपुर: रेलवे ट्रैक पर मौत का स्टंट, रील बनाने के लिए युवक ने लगाई जान की बाजी, वीडियो वायरल
हमीपुर में एक युवक द्वारा रेलवे ट्रैक पर स्टंट करते हुए रील बनाने का मामला सामने आया है। यह घटना मौदहा क्षेत्र के चंद्रावल नदी पर बने रेलवे पुल की है, जहां एक युवक ने ट्रैक के बीचोंबीच लेटकर 38 सेकंड में 15 पुशअप लगाए। इस खतरनाक कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रतिबंधित स्थानों पर रील बनाने का यह नशा युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। तमाम कार्रवाई और सख्ती के बावजूद ऐसी घटनाएं कम नहीं हो रही हैं। वायरल वीडियो में युवक के पीछे एक और व्यक्ति दिखाई दे रहा है, जो संभवतः उसका साथी है। वीडियो में हरियाणवी गाना बज रहा है।
बताया जा रहा है कि पुशअप लगाने वाला युवक मौदहा क्षेत्र का निवासी है। हालांकि अभी तक इस वीडियो को लेकर किसी किस्म की कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे पूर्व भी इसी रेलवे पुल पर एक रेलवे कर्मी की रील प्रचलित हुई थी। जनपद में रेलवे के दो महत्वपूर्ण पुल हैं, जिन पर अक्सर इस तरह की रील बनाकर युवक-युवतियां प्रचलित करते रहते हैं।
ऐसे लोगों पर किसी भी तरह की कार्रवाई न होने पर इस तरह की रील बनाना क्रिएटर्स के लिए आम बात हो गई है। मौदहा कोतवाल संतोष कुमार ने बताया की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
