पटना-गया NH पर भीषण हादसा: वृद्ध की मौत के बाद भड़के ग्रामीण, पुलिस पर किया पथराव, गाड़ी तोड़ी
पटना-गया एनएच 22 पर केबड़ा ओपी के पोठही गांव के समीप तेज रफ्तार स्कार्पियो ने एक वृद्ध को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय मिथिलेश रविदास के रूप में हुई। मिथिलेश रविदास खेत में पानी देने के बाद पटना गया फोर लेन सड़क पार कर अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने आगजनी कर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों का गुस्सा तब और भड़क गया जब पुलिस मौके पर पहुंची। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस की गाड़ी पर पथराव किया, जिससे पुलिस को पीछे हटना पड़ा। ग्रामीणों ने पुलिस वाहन में तोड़फोड़ भी की।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां पहले भी दो लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है, इसलिए ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए। पुनपुन बीडीओ और सीओ ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम नहीं हटाया। अंततः तीन घंटे बाद डीएम के आश्वासन पर जाम हटाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया है।
