बिहार में ठंड का कहर: 8 डिग्री पर पहुंचा शेखपुरा का तापमान, पटना समेत कई शहरों में कनकनी बढ़ी
बिहार में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पछुआ हवाओं के कारण राज्य के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। शेखपुरा बिहार का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजधानी पटना में भी कनकनी बढ़ गई है, जहां पिछले सात दिनों में अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट आई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पछुआ हवाओं की गति बढ़ने से कनकनी का असर और बढ़ेगा। पटना सहित 20 जिलों के अधिकतम तापमान और 12 जिलों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड बनी रहेगी, जबकि उत्तरी बिहार के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहेगा। पूर्णिया में न्यूनतम दृश्यता 450 मीटर दर्ज की गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।
आने वाले दिनों में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन सुबह-शाम की ठंड और कोहरे का प्रभाव जारी रहेगा। लोगों को ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है।
